पहले प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव, फिर कार्यकारिणी का विस्तार
हिमाचल में कांग्रेस संगठन चुनाव में नए बदलाव पर चर्चा शुरू, पार्टी हाइकमान के पास पहुंची रिपोर्ट
हिमाचल में कांग्रेस संगठन चुनाव की रिपोर्ट दिल्ली पहुंच गई है। संगठन चुनाव में सह-प्रभारियों ने ऑब्जर्वर की मदद से जुटाए आंकड़े हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला को सौंप दी है। दिल्ली चुनाव के बाद फरवरी माह में कांग्रेस संगठन का गठन हिमाचल में होने की संभावना है। इसके साथ ही संगठन चुनाव में एक नए बदलाव पर भी चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल, कांग्रेस संगठन चुनाव में पहले ब्लॉक और जिला की कार्यकारिणी का गठन होना था। इसके बाद आखिरी चरण में प्रदेशाध्यक्ष का चयन होना था, लेकिन अब तैयारी सीधेतौर पर प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव सबसे पहले करने की चल रही है और प्रदेशाध्यक्ष का चयन होने के बाद कार्यकारिणी को विस्तार दिया जा सकता है। यानी फरवरी में पहले प्रदेशाध्यक्ष का चयन होने के बाद फिर जिला और ब्लॉक समेत पीसीसी के बड़े पदों पर पदाधिकारियों की ताजपोशी हो सकती है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस हाइकमान इस बड़े बदलाव को लेकर भी खुद को तैयार कर रही है।
हिमाचल से दोनों सह-प्रभारियों ने राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मंशा को हाइकमान के साथ साझा कर लिया है। गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने हिमाचल की कार्यकारिणी को भंग करने के आदेश जारी किए थे। इन आदेशों में प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभ सिंह को छोड़ अन्य सभी पदाधिकारी हटाए गए थे। कांग्रेस हाइकमान ने दोबारा से कार्यकारिणी तय करने के आदेश जारी किए थे और इसके लिए दो सह प्रभारियों और ऑब्जर्वर को कमान सौंपी गई थी।