मंडी अंतराष्ट्रीय शिवरात्रि में पहुंचे 188 देवी-देवता, अभी और आने की उम्मीद
60 से ज्यादा गैर पंजीकृत भी पधारे, अभी और आने की उम्मीद, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
अंतराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में पंजीकृत 216 देवी-देवताओं में इस बार अब तक 188 देवी-देवताओं ने राजमाधव मंदिर में हाजिरी भर ली है। इसके अलावा 60 से अधिक गैर पंजीकृत देवी-देवता भी छोटी काशी के मेहमान बन कर आए हैं। शिवरात्रि महोत्सव को संपन्न होने में अभी पांच दिन शेष हैं और अभी बड़ी संख्या में देवी-देवताओं के आने की उम्मीद है, लेकिन इस बार लगातार बारिश होने के कारण शिवरात्रि महोत्सव में इस बार देवी-देवताओं के आने में कमी आई है। पिछले वर्ष 196 पंजीकृत देवता पहुंचे थे और इसके साथ ही 100 से अधिक गैर पंजीकृत देवी देवताओं के साथ हजारों देवलू पधारे थे। वहीं बारिश के कारण महोत्सव के दूसरे दिन भी पड्डल मैदान में देवी-देवताओं के दर्शन लोगों को नहीं हुए है। पड्डल मैदान में देवता स्थल भी पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ है। देवी-देवता जिन जगहों पर ठहरे हुए हैं, वहीं जाकर लोगों ने आशीर्वाद लिया।
सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव के लिए 188 के लगभग पंजीकृत देवता आ चुके हैं। वहीं अंतराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव पर करोड़ों रुपए प्रशासन द्वारा जुटाए गए हैं और खर्च भी किए जा रहे हैं, लेकिन दुखद पहलू है कि जिनके नाम से इतना बड़ा आयोजन दशकों से प्रशासन करता आ रहा है, उन्हीं देवी देवताओं को पड्डल मैदान में बारिश के बीच बिठाने के लिए एक पंडाल तक की व्यवस्था नहीं है