मंडी मे युवती को छर्रे लगने के मामले में हेड कांस्टेबल पर एफआईआर
मंडी। सरकाघाट की ग्राम पंचायत टिक्कर के खठोगण गांव में गोली के छर्रे लगने से घायल हुई युवती के मामले में हेड कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
पुलिस ने 10 दिन बाद युवती के माता-पिता की शिकायत पद हेड कांस्टेबल मनोज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 28 जनवरी की है। सरकाघाट के खठोगण गांव में युवती प्रमिला हाथ धो रही थी। इस दौरान किसी ने फायर किया और छर्रे लगने के बाद वह जख्मी होकर नीचे गिर गई। उसके मामा ने अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। बाद में उसे उसके मामा, हेड कांस्टेबल मनोज और विकास गाड़ी में रिवालसर अस्पताल प्राथमिक उपचार के लिए लाए थे। यहां पर युवती की हालत को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। यहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पीजीआई में डॉक्टरों ने छर्रे निकाल दिए है। तीन फरवरी को सरकाघाट पुलिस ने पीजीआई पहुंचकर युवती के बयान लिए थे। बयान में युवती ने किसी पर शक नहीं जताया है। इसी दौरान हेड कांस्टेबल मनोज चंडीगढ़ पीजीआई में युवती की मदद के लिए पहुंचे थे। तब परिजनों ने मना कर दिया था। बाद में युवती की माता और पिता ने पुलिस थाना सरकाघाट पहुंचकर हेड कांस्टेबल मनोज पर मामला करवाया है
माता का आरोप है कि 28 जनवरी को दोपहर 3:30 बजे उक्त हेड कांस्टेबल बंदरों को भगाने के लिए फायरिंग कर रहा था। इस दौरान बेटी आंगन में हाथ धो रही थी। इस दौरान गोली लगने से वह जख्मी हो गई। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि युवती के माता पिता की शिकायत मिली है। इसके आधार पर हेड कांस्टेबल के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जिस एयरगन से गोली चली है, पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है।