💠हरियाणा की विधानसभा सीट पर EVM चेक होंगी : यहां से पूर्व मंत्री हारे; DEO ने सभी उम्मीदवारों को मौजूद रहने को कहा
रानियां
हरियाणा में नई सरकार का गठन होने के बाद सिरसा जिले की रानियां विधानसभा सीट पर EVM और बैलेट बॉक्सों का दोबारा मिलान किया जाएगा। यहां से पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला चुनाव हारे हैं। इसे लेकर कांग्रेस के उम्मीदवार रहे सर्वमित्र कंबोज ने अपील की थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की तरफ से कांग्रेस नेता की अपील को स्वीकार करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। यह मिलान 9 जनवरी से 13 जनवरी तक होगी। हालांकि, इस दौरान केवल 9 बूथों के बैलेट पेपर और EVM की ही चेकिंग की जाएगी।
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में रानियां विधानसभा सीट पर कड़े मुकाबले में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के उम्मीदवार अर्जुन चौटाला ने जीत हासिल की थी। उनके मुकाबले में कांग्रेस के उम्मीदवार सर्वमित्र कंबोज दूसरे नंबर पर रहे। इनके बीच हार-जीत का अंतर केवल 4191 वोटों का था।
वोटों की गिनती के लिए फीस दी
कांग्रेस उम्मीदवार रहे सर्वमित्र कंबोज ने बताया है कि उन्होंने चुनाव आयोग से कुछ बूथों पर वोटों की गिनती में गड़बड़ी की आशंका जताकर EVM की दोबारा जांच करवाने की मांग की थी। इसके लिए बाकायदा निर्धारित फीस भी जमा करवाई गई।
इसे लेकर आज जिला प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है। अब रानियां हलके के 9 बूथों के EVM और VVPAT मिलाए जाएंगे।