ऊना में बारिश से तबाही घर-खेत-सडक़ें जलमग्न, जिला भर में 34 सडक़ों पर थमे गाडिय़ों के पहिए
ऊना में बारिश से तबाही घर-खेत-सडक़ें जलमग्न, जिला भर में 34 सडक़ों पर थमे गाडिय़ों के पहिए
बंगाणा में गिरे मकान पशुशालाएं जमींदोज
जिला भर में 34 सडक़ों पर थमे गाडिय़ों के पहिए
जिला ऊना में बारिश ने कोहराम मचा दिया है। बारिश के चलते मकान, खेत व सडक़ें पानी से जलमग्र हो गई। जिला भर में कई स्थानों पर पक्के मकान गिरे हैं। कुछ मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा दर्जनों पशुशालाएं जमींदोज हो गई। बंगाणा, हरोली, ऊना, चिंतपूर्णी व गगरेट में करीब 34 सडक़ों पर ल्हासे गिरने से आवाजाही बंद हो गई। बारिश ने बंगाणा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई हैं। जहां बूसल, छपरोह, पुरोईयां व करवालियां सन्हाल में चार मकान असुरक्षित घोषित किए गए हैं। प्रशासन ने उक्त चारों परिवारों के 15 सदस्यों को अन्य सुरिक्षत स्थान पर शिफ्ट किया गया हैं। रामगढ़धार पर स्थित ग्राम पंचायत थहड़ा के गांव घ्योड़ व घरवासड़ा में पहाड़ी दरकने से तीन दर्जन से अधिक मकान खतरे की जद में आ गए हैं।
दोनों गांव पहाड़ी पर बसे है। अब पहाड़ी लगातार धंस रही है। भारी बारिश के चलते ऊना-होशियारपुर मार्ग, ऊना-हमीरपुर मार्ग सहित कुल 34 सडक़ों पर भूस्खलन होने से आवाजाही बंद हो गई है। ऊना-होशियारपुर मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को पंजाब जाने के लिए ऊना -गगरेट-होशियारपुर होकर पहुंचना पड़ा। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संतोषगढ़ में भारी मात्रा में जलभराव हो जाने से सेवाओं को अस्थायी तौर पर सीएचसी बसदेहड़ा में शिफ्ट किया है। मौसम विभाग के अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि ऊना जिला में पिछले 24 घंटों में कुल 147.6 एमएम बारिश दर्ज हुई हैं।
ऊना में 24 घंटे में 5.55 करोड़ बहे
पिछले 24 घंटों में जिला में 5.55 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को 5.22 करोड़ रुपए का हुआ है।