जयराम का आरोप, कांग्रेस ने किया बाबा साहेब का अपमान
नेता प्रतिपक्ष बोले, कांग्रेस ने परिवार के हितों के लिए संविधान से खिलवाड़ किया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग मंडल के परवाड़ा में आयोजित संविधान गौरव अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ गांधी-नेहरू परिवार के हितों के बचाव के लिए हमेशा संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। कांग्रेस की नेता रही स्व. इंदिरा गांधी को न्यायालय के समक्ष पेश न होना पड़े, उसके लिए भी संविधान में संशोधन कर दिए गए। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान 75 से ज्यादा संविधान संशोधन किए। कांग्रेस पार्टी की नेताओं और गांधी नेहरू परिवार ने सदैव अपने आप को संविधान से ऊपर रखने का प्रयास किया। कांग्रेस द्वारा संविधान की उद्देश्यिका में भी बदलाव किया, जिसे बाबा साहेब ने संविधान की मूल आत्मा बताया था। कांग्रेस ने कांस्टीट्यूशन ऑफ़ इंडिया को कांस्टिट्यूशन ऑफ़ इंदिरा बना कर रख दिया था। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने अपने कार्यालय के दौरान 90 बार अनुच्छेद 356 का प्रयोग कर विपक्षी पार्टियों की सरकार को बर्खास्त किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत रतन बाबा साहब का कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने हमेशा अपमान किया है। बाबा साहेब का अपमान करना ही कांग्रेस पार्टी, गांधी-नेहरू परिवार की पॉलिसी और लीगेसी रही है। बाबा साहेब को चुनाव जीतने से रोका।
उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर निकालने के कुत्सित प्रयास किए। चुनाव में हरवाने के बाद उपचुनाव में भी हराने की साजिशें रची गईं। कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ किए अपमान और साजिशों के बारे में देश दुनिया को पता भी नहीं चलने दिया। बाबा साहेब के इस्तीफे के बाद सदन में उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया।