तीन महीने के सरसों तेल का कोटा एक साथ, APL-BPL के लिए इतनी होगी कीमत
खाद्य आपूति निगम ने जारी किया 99 लाख लीटर तेल का सप्लाई ऑर्डर
खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से 99 लाख लीटर सरसों के तेल का सप्लाई आर्डर जारी कर दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के राशन डिपुओं में सरसों के तेल की सप्लाई पहुंच जाएगी। प्रदेश के राशन गोदामों में पांच फरवरी तक सरसों के तेल की सप्लाई पहुंच जाएगी। राशनकार्ड उपभोक्ताओं को फरवरी माह में तीन महीने के सरसों तेल का कोटा एक साथ मिलेगा। खाद्य आपूर्ति निगम ने तेल के टेंडर फाइनल कर कंपनियों को सप्लाई आर्डर जारी कर दिया है। चार बार टेंडर रद्द होने के बाद पांचवीं बार तेल का टेंडर फाइनल हुआ है। बीते तीन महीने से उपभोक्ताओं को डिपुओं में तेल नहीं मिला है। एपीएल और बीपीएल परिवारों को सरसों तेल 146 और आय करदाताओं को 153 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा, जबकि बाजार में अभी 160 से 170 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से सरसों का तेल बिक रहा है। प्रदेश के राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को शादी और अन्य समारोह का कार्ड दिखाना अनिवार्य किया गया है।
इसके लिए डिपो होल्डर पहले लोगों से डिमांड लेगा। सरसों तेल के बाद खाद्य आपूर्ति निगम जल्द ही रिफाइंड तेल के टेंडर करने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में करीब साढ़े 19 लाख राशनकार्ड परिवार हैं। राशन डिपो में सरसों का तेल फरवरी के पहले सप्ताह से मिलना शुरू हो जाएगा। गौर हो कि प्रदेश सरकार तीन दालें, जिसमें मलका, माश और दाल चना, दो लीटर तेल रिफाइंड और सरसों के अलावा चीनी और एक किलो नमक सबसिडी पर दिया जा रहा है, जबकि गेहूं और चावल केंद्र सरकार उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश सरकार गेहूं का आटा उपलब्ध करवा रही है।