हिमाचल BJP: खेमों में खींचतान रही तो बिंदल फिर बन सकते हैं भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय नेतृत्व कर रहा मंथन
हिमाचल प्रदेश भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लगातार खींचतान चल रही है। ऐसे में खबर ये भी है कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो डॉ. राजीव बिंदल को फिर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के रूप में कमान दी जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश भाजपा में खेमों की खींचतान यूं ही चली रही तो डॉ. राजीव बिंदल को फिर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के रूप में कमान दी जा सकती है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस संबंध में मंथन कर रहा है। संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के बीच डॉ. राजीव बिंदल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से लगातार मिलते रहे हैं। दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान भी वे उनसे संपर्क में रहे हैं। हालांकि त्रिलोक जम्वाल और राजीव भारद्वाज भी इस पद के प्रबल दावेदार हैं।
बिंदल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के करीबी हैं। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं में से कई अन्य नेता भी नड्डा से नजदीकियां बनाए हैं। इस दौड़ में शामिल त्रिलोक जम्वाल तो नड्डा के सबसे निकट हैं, मगर यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निर्भर करेगा कि वे किसी नए चेहरे को चुनेंगे या दोबारा डॉ. बिंदल को ही अपना विश्वासपात्र बनाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तो बार-बार इस बात को दोहरा चुके हैं कि जयराम ठाकुर बिंदल को हटाने के अभियान में लगे हैं। हालांकि भाजपा के नेता बार-बार उन्हें सलाह दे रहे हैं कि वह भाजपा के बजाय सरकार का सोचें। जिला अध्यक्षों में से कई चेहरों को भी भाजपा ने रिपीट किया है। यह भी संगठन के पुराने नेताओं पर भरोसा करने का एक इशारा है।