उपलब्धि: सेना में लेफ्टिनेंट बने जोगिंद्रनगर के अतुल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर की लागणा पंचायत के एक छोटे से गांव प्रैण से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के युवा अतुल ठाकुर जिन्हें प्यार से “गोलू” के नाम से पुकारते हैं, यह संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए लेफ्टिनेंट की रैंक हासिल की है। CDS 2024 का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें अतुल ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
अतुल के पिता लाल सिंह मंडी में पंचायत ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं तथा माता मनसा देवी गृहणी है वहीं भाई धीरज ठाकुर अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार और गांव के लिए यह गर्व का क्षण है। लाल सिंह ने बताया कि अतुल बचपन से ही पढ़ाई और देश सेवा के प्रति समर्पित था। अतुल की पढ़ाई डीएवी कांगड़ा में हुई। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अतुल की इस सफलता पर गांव वालों ने कहा, “गोलू ने हमारे गांव का नाम रोशन किया है। यह हमारे लिए प्रेरणा है कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।” अतुल अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी सेवाएं देंगे और देश की सुरक्षा में योगदान देंगे> इस उपलब्धि पर पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर सहित स्थानीय लोगों ने अतुल को बधाई दी है।