हिमाचल का हाल: सिविल अस्पताल में मरीजों को दी गई खिचड़ी में निकला चूहे का मल
मरीजों के साथ खिलबाड़ सुंदरनगर के सिविल अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाले भोजन की साफ- सफाई को लेकर सवालिया निशान उठे हैं। ताजा मामले में सिविल अस्पताल सुंदरनगर में मंगलवार शाम को मरीजों को परोसे गए रात्रि भोजन में चूहे का मल पाए जाने से अस्पताल प्रबंधन और मरीजों में हडक़ंप मचा हुआ है। चूहे के मल युक्त भोजन खाने से कई मरीजों ने तो उल्टियां मारना शुरू कर दिया और मरीजों व तीमारदारों का अस्पताल प्रबंधन और मरीजों को भोजन देने वालों पर गुस्सा फूटा। थुनाग निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी दीपा देवी की 10 दिन पूर्ण सिविल अस्पताल सुंदरनगर में प्रसूति होने उपरांत बेटे का जन्म हुआ था और नवजात को पीलिया होने के कारण मातृ शिशु वार्ड में भर्ती किया गया था।
मंगलवार रात्रि भोजन के समय जब उनकी पत्नी को मरीजों के लिए बनी खिचड़ी दी गई, तो उसमें चूहे का मल मिला, जिसके बाद वार्ड में भर्ती समस्त मरीजों ने इस गंदगी और मलयुक्त भोजन को त्याग दिया और कई मरीजों ने तो उल्टियां मारनी शुरू कर दीं। सतीश ने बताया कि जिस स्वास्थ्य संस्थान में मरीज बेहतर स्वास्थ्य उपचार के लिए पहुंचते है, वहां पर मरीजों को भोजन के नाम पर चूहे के मल युक्त भोजन परोसते हुए उन्हें कई प्रकार की अन्य बीमारियों को भी परोसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्या अस्पताल प्रबंधन ने कभी भी मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ सफाई को लेकर कोई औचक निरीक्षण अथवा जांच नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप मरीजों को आज गंदा और चूहे के मल युक्त भोजन परोसते हुए उनकी जान और स्वास्थ्य के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।