प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सजा राम मंदिर, जयकारों से गूंजा दर्शनपथ
प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सजा राम मंदिर, जयकारों से गूंजा दर्शनपथ
समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी ने की विशेष पूजा-अर्चना
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ शनिवार को धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान राम लला के दर्शन को देश भर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। राममंदिर में विराजमान बालकराम शनिवार को एक साल के हो गए हैं। शनिवार की सुबह पांच बजे से ही दर्शनपथ पर जयकारे गूंजने लगे। पहली वर्षगांठ में सीएम योगी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किन कारणों से हमारे पूज्य आराध्य देव स्थल अपमानित हो रहे थे। अगर हम जाति के नाम पर विभाजित रहेंगे, तो इस तरह की अपमानजनक स्थितियों का सामना करना पड़ेगा।
हम कमजोर होंगे तो इसका खामियाजा हमारे पूज्य धर्म स्थलों को भुगतना होगा। बहन-बेटियों को भुगतना होगा। सीएम योगी ने कहा कि रामजन्मभूमि का आंदोलन, एक सार्थक लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। अब अयोध्या में आने पर त्रेता युग का एहसास होता है। उन्होंने कहा कि एक-दो साल में राम जन्मभूमि परिसर अपने भव्य रूप में होगा। इस दौरान सीएम योगी ने भी रामलला की पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
नई दल्ली। पीएम मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।
पंचामृत से अभिषेक पीतांबर वस्त्र पहनाए
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर विशेष पूजा हुई। पुजारियों ने पंचामृत अभिषेक किया। पहले दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक किया, फिर गंगाजल से नहलाया। इसके बाद रामलला का शाृंगार किया गया। उन्हें पीतांबर वस्त्र पहनाए गए। इसमें सोने के तारों से बुनाई की गई है।