सांसद नवीन जिंदल के प्रयास से हुआ संभव, कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर वंदे मातरम ट्रेन का होगा ठहराव ।

चंडीगढ़, नेशन न्यूज डेस्क । कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल के प्रयास से फिरोजपुर कैंट से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव कुरुक्षेत्र स्टेशन पर भी होगा। इससे प्रतिवर्ष लाखों रेल यात्रियों को कुरुक्षेत्र जैसे धार्मिक स्थल का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर संजय आर नीलम ने वंदे भारत ट्रेन की कुरुक्षेत्र स्टेशन पर ठहराव की पुष्टि करते हुए पत्र जारी किया है। उल्लेखनीय है सांसद नवीन जिंदल ने गत दिनों उक्त ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर रेलवे को पत्र लिखा था।
जिसमें उन्होंने कहा था कि कुरुक्षेत्र ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी है। यहां ब्रह्म सरोवर, माता भद्रकाली मंदिर, श्रीकृष्ण संग्रहालय, ज्योतिसर जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल हैं। जहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों यात्री आते हैं। तीन लाख से अधिक आबादी वाले इस शहर में कुरुक्षेत्र में मुख्य जंक्शन है। जहां पांच प्लेटफार्म हैं। इसलिए यहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव बहुत जरूरी है।
इससे कुरुक्षेत्र के निवासियों को नई दिल्ली, दिल्ली केंट, फिरोजपुर आदि से जुड़ने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी यही सोच है कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत पूरा देश आपस में कनेक्ट रहे।
सांसद नवीन जिंदल की मांग पर रेलवे ने उक्त ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति दी है। जिससे रेल यात्रियों में खुशी का माहौल है। कुरुक्षेत्र निवासियों ने इस मांग को उठाने और पूरा करवाने के लिए सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त किया है।


