बालोर के निकट फॉरच्यूनर गाड़ी ने कार को कई बार मारी टक्कर
- गुरुग्राम से शादी कर लौट रही बारात बहादुरगढ़ बाईपास के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई। नशे में धुत फॉर्च्यूनर चालक ने दूल्हा–दुल्हन की फोर्ड मस्टैंग को लगातार तीन बार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जांच में आरोपी की पहचान प्रिंस निवासी बालौर के रूप में हुई। दूल्हे के मामा नवदीप की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बहादुरगढ़। बालोर के निकट फॉरच्यूनर सवार द्वारा एक कार को बार-बार टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन एक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में हिसार के मिर्जापुर गांव के निवासी नवदीप ने कहा है कि 29 नवंबर को उसके भांजे की बारात बादशाहपुर स्थित एक फार्म में आई थी। वह अपनी फोर्ड मस्टैंग गाड़ी लेकर बारात में शामिल हुआ। रात करीब ढाई बजे हमने वापसी की। भांजा सुमित भी मेरे साथ गाड़ी में था। जब द्वारका एक्सप्रेस-वे के नीचे बालोर के निकट पहुंचे तो ओवर टेक कर एक फॉरच्यूनर गाड़ी हमारे आगे चली गई। इसके बाद उस गाड़ी के चालक ने यू टर्न लेकर जान से मारने की नीयत से हमारी गाड़ी में सीधी टक्कर मारी। एक बार नहीं, बल्कि लगातार तीन से चार बार उसने टक्कर मारी।
