दुल्हन तैयार थी सजा था मंडप, फिर मेहमानों-रिश्तेदारों में मच गई अफरा-तफरी, दूल्हे को ढूंढ रही पुलिस
पंजाब के लुधियाना में एक ऐसी घटना हुई है जिससे हर कोई हैरान रह गया। शादी वाले दिन दुल्हन के घर बरात ही नहीं पहुंची। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। क्योंकि शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थी और मेहमान और रिश्तेदार भी आ चुके थे।
लड़की वालों के घर पर शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। रिश्तेदार और मेहमान भी आ चुके थे और सभी के लिए खाने-पीने समेत तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मंडप भी तैयार था और दुल्हन सज-धज कर बैठी थी। बस इंतजार था तो बरात का। दुल्हन टकटकी नजर लगाए दूल्हे का इंतजार कर रही थी, लेकिन ये इंतजार इतना लंबा हो गया कि दिन से रात हो गई लेकिन न दूल्हा आया न बरात और न ही बराती। घटना पंजाब के लुधियाना के एक गांव की है, जहां शादी वाले दिन दूल्हा बरात लेकर ही नहीं पहुंचा।
शादी वाले दिन दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा तो लड़की पक्ष ने हंगामा कर दिया। रिश्तेदारों और मेहमानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। पीड़ित पक्ष ने दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।
मामला थाना लाडोवाल के अधीन आने वाले एक गांव का है। पुलिस ने इस संबंध में गांव आलीवाल के हरप्रीत सिंह उर्फ बोबी (दूल्हा) और उसके पिता जसपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
