हरियाणा की युवती से शिमला में दुष्कर्म, दिल्ली के युवक ने शादी का झांसा देकर बनाया हवस का शिकार
शिमला में हरियाणा की एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी दिल्ली का मूल निवासी है। युवती की शिकायत के अनुसार वह पिछले दो महीनों से अपने प्रेमी के साथ शिमला शहर के ढली क्षेत्र में रह रही थी, लेकिन इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई जिसने उसकी मानसिक स्थिति को गहरा आघात पहुंचाया। अब प्रेमी द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि युवती का दिल्ली निवासी अक्षत से प्रेम संबंध था।
दोनों नौ सितंबर से नौ नवंबर, 2025 तक ढली में साथ रहे। युवती ने आरोप लगाया है कि 21 सितंबर को अक्षत ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीडि़ता का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन अब शादी से इनकार कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
