हिमाचल के हमीरपुर में सास के दुनिया छोडऩे का गम न सह सकी बहू, एक घंटे बाद त्याग दिए प्राण, साथ जली चिताएं
हिमाचल के हमीरपुर में सास के दुनिया छोडऩे का गम न सह सकी बहू, एक घंटे बाद त्याग दिए प्राण, साथ जली चिताएं
उपमंडल भोरंज के तहत जाहू गांव में बहू और सास की चिताएं एक साथ जली हैं। बहू अपनी सास के दुनिया छोड़ जाने का गम सहन नहीं कर सकी तथा एक घंटे के भीतर प्राण त्याग दिए। सास-बहू के प्रेम का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला है। घनिष्ठ लगाव होने के कारण बहू ने अपनी सास की मृत्यु के सदमे में अपने प्राण त्याग दिए।
गुरुवार के दिन दोनों की चिताएं एक साथ जली हैं। ग्रामीणों के अनुसार 85 वर्षीय दमोदरी का बुधवार शाम को करीब सात बजे निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सास की मृत्यु का पता चलते ही बहू रमेशां कुमारी पत्नी कश्मीर सिंह सास के शव से लिपटकर रोने लगी। इसी दौरान वह बेहाश हो गई तथा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने बताया कि एक घंटे के अंतराल में ही सास और बहू की मृत्यु हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सास और बहू के बीच गहरा प्रेम था। सास की मौत का गहरा सदमा बहू रमेशां कुमारी सहन नहीं कर पाई। गुरुवार को सास व बहू दोनों अपनी अंतिम यात्रा पर निकलीं। यह घटना देखकर परिजन, रिश्तेदार और गांववासी बेहद गमगीन हो गए। बहू का पति कश्मीर सिंह भी अस्वस्थ चल रहा है। पत्नी और मां के एक साथ निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ही परिवार से दो महिलाओं के निधन पर विधायक सुरेश कुमार ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने दोनों की आत्म शांति की प्रार्थना की है
