नए जीएसटी से हिमाचल को नहीं होगा घाटा, शिमला में बोले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल
नए जीएसटी से हिमाचल को नहीं होगा घाटा, शिमला में बोले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा जीएसटी में हुई बदलाव से हिमाचल प्रदेश को एक पैसे का भी घाटा नहीं होगा। उन्होंने दावे के साथ कहा कि हिमाचल प्रदेश को जीएसटी एवं आईजीएसटी से प्रतिवर्ष आय में 14 फीसदी की वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि अगर हम वर्ष 2023-2024 की बात करें, तो प्रदेश के जीएसटी से हिमाचल प्रदेश को 5339 करोड़ और आईजीएसटी के हिस्से से 2845 करोड़ रुपए आए हैं। अगर इनका कुल जोड़ लगाया जाए, तो 9375 करोड़ रुपए हिमाचल प्रदेश को जीएसटी के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। उन्होंने ग्रांट इन एड का हवाला देते हुए कहा कि 2023 एवं 2024 में केंद्र से हिमाचल प्रदेश को 14942 करोड़ रुपए प्राप्त हुए।
केंद्र से हिमाचल प्रदेश को कुल बजट का 50 फीसदी हिस्सा प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2020 एवं 2021 में हिमाचल प्रदेश को 4753 करोड़, 2021 एवं 2022 में 7349 करोड़ और 2022 एवं 2023 में 7883 करोड़ रुपए जीएसटी के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। ऐसे में यह कहना कि हिमाचल प्रदेश को जीएसटी से घाटा हो रहा है, सत्य नहीं है।
जनता देवो भव: की भावना से कम हुआ जीएसटी
राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती एवं गति प्रदान करेगा। आज 22 सितंबर को प्रात: नया जीएसटी लागू होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे जीएसटी बचत उत्सव बताया और कहा कि जनता देवो भव: की परिकल्पना को इस माध्यम से साकार किया जा रहा है।