महाराष्ट्र में भाजपा की प्रचंड जीत, झारखंड में हेमंत इज बैक
महाराष्ट्र में भाजपा की प्रचंड जीत, झारखंड में हेमंत इज बैक
महाराष्ट्र में महायुति की 234 सीटों पर प्रचंड जीत, झारखंड में झामुमो की अगवाई वाले गठबंधन को मिली 56 सीटें
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और एनसीपी अजित पवार गुट) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। बीजेपी और महायुति की आंधी में महाविकास अघाड़ी (एमवीए) पस्त हो गई है। महायुति गठबंधन ने बंपर बहुमत हासिल कर 288 सीटों में से 234 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को बुरी हार का सामना करना पड़ा है। एमवीए को सिर्फ 48 सीटों पर जीत मिली है। झारखंड में हेमंत सोरेन ने एक बार फिर से बाजी मार ली है। झारखंड में इंडिया गठबंधन ने जादुई आंकड़ा पार कर 56 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं एनडीए गठबंधन महज 24 सीटों पर ही सिमट गया। यहां कुल 81 सीटें हैं
मुख्य मुकाबला बीजेपी-आजसू वाले एनडीए गठबंधन और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)- कांग्रेस की अगवाई वाले इंडिया गठबंधन के बीच था। उधर, महायुति की बड़ी जीत के बाद महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय है। सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि अगला मुख्यमंत्री तीनों सहयोगी दल मिलकर तय करेंगे। फडणवीस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक हैं तो सेफ हैं, जो इस चुनाव में एकजुटता का प्रतीक बन गया है। इस बार 65.11 फीसदी वोटिंग हुई, जो 2019 के मुकाबले 4 फीसदी अधिक है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री सीएम एकनाथ शिंदे ने महायुति गठबंधन की शानदार जीत पर कहा कि महायुति सरकार ने राज्य में जो काम किया है, उसका तोहफा आज राज्य की जनता ने हमें दिया है। यह बीते चार दशकों की सबसे शानदार जीत है। ऐसी जीत… न भूतो न भविष्यति, ना पहले कभी हुई है और ना कभी होगी।