एचआरटीसी के पंजाब के 20 रूट बहाल करने पर इस दिन होगा फैसला
निगम चरणबद्ध तरीके से चलाएगा बसें, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से करेंगे चर्चा
चीफ रिपोर्टर-शिमला
पंजाब के लिए बंद पड़े एचआरटीसी के रूटों को दोबारा से बहाल करने की तैयारी चल रही है। मामला पूरी तरह से शांत हो जाने के बाद इस संबंध में जीएम ट्रैफिक को निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि एक दो दिनों में इस पर फैसला हो जाएगा और दोबारा से बंद पड़े उन 20 रूटों को बहाल कर दिया जाएगा, जिनको एक महीने पहले बंद किया गया था। निगम प्रबंधन इन रूटों को बहाल करने को लेकर चर्चा कर चुका है। सभी रूटों को एक साथ बहाल करने के बजाए चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाए इस तरह की योजना बनाई गई है।
उपमुख्यमंत्री से चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। बताया जाता है कि बाहरी राज्यों के अन्य रूटों की भी समीक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। यानी हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब व उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों को जो बसें चलती हैं वह कितने समय के अंतराल में चल रही है। इनमें से कितने रूट घाटे के हैं। निगम ने पहले दिल्ली व हरिद्वार के जो छह रूट बंद किए थे उनसे क्या फायदा हुआ है। इन सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। माना जा रहा है कि अमृतसर और होशियारपुर के जो रूट बंद किए गए हैं उनसे निगम को आमदनी भी होती है। वहीं, लोगों की डिमांड भी है कि इन रूटों को चलाया जाए क्योंकि काफी संख्या में लोग यहां से होशियारपुर और अमृतसर के लिए जाते हैं।
अमृतसर में तोड़े थे एचआरटीसी बस के शीशे
20 मार्च की रात अमृतसर बस अड्डे पर एचआरटीसी की बसों के शीशे तोड़े गए थे। निगम ने रात्रि ठहराव वाले 20 रूटों को बंद कर दिया था। इनमें दस बसें अमृतसर, चार होशियारपुर, चार लुधियाना और दो रूट जालंधर के हैं। निगम के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने इस मामले पर पंजाब के डीजीपी सहित वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर बसों और यात्रियों की सुरक्षा का मामला उठाया है। इससे पहले मुख्यमंत्री सुक्खू भी इस मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री से बात कर चुके हैं।