हिमाचल में बारिश-भूस्खलन से तबाही जारी, दो महिलाओं की मौत; राज्य में 1311 सड़कें ठप, स्कूल भी बंद
लगातार जारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन से राज्य में सैकड़ों सड़कें बंद है। सैकड़ों गांवों में बिजली-पेयजल की आपूर्ति ठप है।
चंबा जिले जगह-जगह भूस्खलन।
आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-भूस्खलन से तबाही जारी है। रविवार से लगातार जारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन से राज्य में मंगलवार सुबह 10 बजे तक छह नेशनल हाईवे सहित 1311 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 3263 बिजली ट्रांसफार्मर व 858 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित होने से सैकड़ों गांवों में बिजली-पेयजल की आपूर्ति ठप है। भूस्खलन की चपेट में आने से दो महिलाओं की माैत हो गई है।