किन्नौर में फटा बादल, बगीचे तबाह; राज्य में भूस्खलन से 555 सड़कें बंद, जानें माैसम पूर्वानुमान
किन्नौर में फटा बादल, बगीचे तबाह; राज्य में भूस्खलन से 555 सड़कें बंद, जानें माैसम पूर्वानुमान
कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। किन्नौर जिले के निगुलसरी के ठीक ऊपर थाच गांव में देर रात 12:10 पर बादल फटने से तबाही हुई है।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। किन्नौर जिले के निगुलसरी के ठीक ऊपर थाच गांव में देर रात 12:10 पर बादल फटने से तबाही हुई है। बादल फटने के बाद आई बाढ़ से ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन और बगीचों को नुकसान पहुंचा है। लोगों ने जंगल में भागकर अपनी जान बचाई। बाढ़ का मलबा निगुलसरी में एनएच पांच पर आ गया है, जिस कारण किन्नौर जिले का सड़क संपर्क कट गया है। बादल फटने से क्षेत्र के तीन नालों में आई बाढ़ से ग्रामीणों के खेतों और बगीचे तबाह हो गए। बाढ़ में दो गाड़ियां भी बह गईं। ग्रामीण मस्तान की दोगरी और गांव में मकान भी बाढ़ की चपेट में आया। तीन घरों को खतरा हो गया है।
हिमलैंड में सर्कुलर रोड पर भारी भूस्खलन, सेंट एडवर्ड स्कूल दो दिन बंद
शिमला जिले के कई भागों में पिछले कई दिनों से लगातार जारी बारिश तबाही मचा रही है। राजधानी शिमला के हिमलैंड में सर्कुलर रोड पर फिर से भारी भूस्खलन हुआ है। जानकारी के अनुसार सेंट एडवर्ड स्कूल (हिमलैंड) के पास आधी रात 2:00 बजे भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन से एक भवन को भी खतरा पैदा हो गया है।