टैक्सी में नाबालिग को घर ले गया 28 वर्षीय युवक, बंधक बनाकर 2 महीने तक करता रहा दुष्कर्म
टैक्सी में नाबालिग को घर ले गया 28 वर्षीय युवक, बंधक बनाकर 2 महीने तक करता रहा दुष्कर्म
शिमला के कुमारसैन में नाबालिग लडक़ी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 17 वर्षीय पीडि़ता ने 28 वर्षीय युवक पर अपहरण और यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत के अनुसार आरोपी उसे 15 दिसंबर, 2024 को टैक्सी में बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसने 24 फरवरी 2025 तक करीब दो महीने तक बंधक बनाकर रखा।
इस दौरान आरोपी ने उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। 24 फरवरी की सुबह पीडि़ता किसी तरह आरोपी के घर से भागने में सफल रही। वह बस से अपने घर पहुंची। इसके बाद आरोपी अपने परिवार के साथ पीडि़ता के घर पहुंचा। वहां उसने पीडि़ता और उसकी मां के साथ मारपीट की। आरोपी ने पीडि़ता को जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़ता वर्ष 2022 से आरोपी को जानती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।