बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, 300 KG RDX, AK-47, आदिल की निशानदेही पर फरीदाबाद में छापा
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से 300 किलो विस्फोटक, एक AK-47 और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अनंतनाग के पूर्व डाक्टर आदिल अहमद राथर की निशानदेही के आधार पर की है। दरअसल श्रीनगर पुलिस ने दो दिन पहले सरकारी मेडिकल कालेज अनंतनाग के पूर्व डाक्टर आदिल अहमद के लॉकर से एक AK-47 राइफल बरामद की थी। सुरक्षा एजेंसियों को उसके आतंकी संगठन जैश से संबंध होने का शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उससे कड़ी पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान डाक्टर आदिल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आदिल की निशानदेही पर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में उसके ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक और राइफल बरामद की। छापेमारी में पुलिस ने आदिल के ठिकाने से 300 किलो अमोनियम नाइट्रेट, एक AK-47 राइफल और कई राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि डाक्टर आदिल का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों से था और वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों के लिए मददगार के रूप में काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि डाक्टर आदिल ने तीन महीने पहले शहर में एक कमरा किराए पर लिया था। मकान मालिक को निर्देश थे कि वह कमरे में सिर्फ अपना सामान रखेगा। वहीं उसने 14 बैगों में विस्फोटक सामान भरा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक्टर बहुत कम बाहर निकलता था
