कुरुक्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, दो कारों में हुई जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौके पर मौत
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां कुरुक्षेत्र कैथल रोड पर एक तेज रफ्तार टाटा हैरिया और स्विफ्ट कार के बीच आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा तेज रफ्तार के चलते पेश आया है। दोनों कारों में टक्कर इतनी जोरदार हुई कि कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों कारों की खिड़कियों को काटकर अंदर फंसे 10 महिला और पुरुषों को बाहर निकाला। इनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मरने वाले सभी लोग मारुति स्विफ्ट कार में सवार थे, जो यमुनानगर के रहने वाले थे। ये सभी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पांचों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सोमवार की सुबह हुआ। कैथल जिले के पबनावा गांव के पूर्व सरपंच रामपाल के भाई ऋषि अपनी पत्नी लीला, भाभी संतोष और रिश्तेदार परवीन टाटा की हैरियर गाड़ी में सवार होकर अंबाला जा रहे थे। दूसरी ओर यमुनानगर के नंबर HR 13F 3611 की मारुति स्विफट कार में 6 लोग सवार थे। कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर घराडसी गांव के पास यह हादसा हुआ। हादसे के समय दोनों कारों की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही दोनों कारों का अगले वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
