हिमाचल पेंशनर्स एकजुट! सोलन पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने दिया स्टेट जॉइंट एक्शन कमेटी को समर्थन
सोलन (कुनिहार): हिमाचल प्रदेश में पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रदेश पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने अब स्टेट पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन (ज्वाइंट एक्शन कमेटी) को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। यह कदम प्रदेश भर के पेंशनर्स को एक मंच पर लाने और सरकार तक अपनी आवाज़ मज़बूती से पहुँचाने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक मोड़ है।
वर्चुअल मीटिंग में हुआ बड़ा फैसला
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल मीटिंग संयोजक एवं मुख्य सलाहकार धनीराम तंनवर की अगुआई में आयोजित की गई। मीटिंग में प्रधान श्याम लाल ठाकुर, कार्यकारी प्रधान नेकी राम, श्यामलाल भाटिया, संत राम चंदेल, निर्मल ठाकुर, जसवीर सिंह, पुष्पा सूद, चमन लाल, बेद ठाकुर और सतपाल शर्मा सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।
एसोसिएशन ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि सोलन जिला पेंशनर वेलफेयर संगठन (प्रधान श्री के.डी. शर्मा) के साथ मिलकर पहले उपमंडल स्तर पर एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपने के बावजूद, सरकार ने अभी तक पेंशनर्स के वित्तीय लाभों पर कोई विचार या फैसला नहीं लिया है।
जॉइंट एक्शन कमेटी का गठन और समर्थन
परिणामस्वरूप, प्रदेश कार्यकारिणी ने श्री सुरेश ठाकुर (प्रधान), श्री घनश्याम ठाकुर शर्मा (पूर्व उपाध्यक्ष), और श्री बृजलाल ठाकुर (प्रधान, एच.आर.टी.सी. पेंशनर) के नेतृत्व में एक ज्वाइंट एक्शन कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी का उद्देश्य विभिन्न गुटों में बंटे हुए सभी पेंशनर्स को एकजुट करना है।
पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने काफी विचार-विमर्श के बाद इस कमेटी को समर्थन देने का फैसला किया। सदस्यों ने माना कि अब समय आ गया है कि सभी गुटों को इस कमेटी में शामिल हो जाना चाहिए, क्योंकि यह पहली बार देखा गया है कि कोई सरकार कर्मचारी और पेंशनर्स के हक़ देने पर कुंभकरणीय निद्रा में सोई पड़ी है।
अब होगी निर्णायक लड़ाई
एसोसिएशन ने घोषणा की है कि सरकार को जगाने के लिए अब सख्त कदम उठाने का समय आ गया है, जिसके लिए एक नया तरीका ढूंढना होगा। पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने पूर्ण समर्थन की घोषणा करते हुए कहा कि जॉइंट एक्शन कमेटी अपनी मांगों को लेकर जो भी कदम उठाएगी, उनका संगठन पूर्ण रूप से उनके साथ खड़ा होगा।
गौरतलब है कि स्टेट पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन (मुख्यालय ऊना) पहले ही इस जॉइंट एक्शन कमेटी को अपना समर्थन दे चुका है।
(नेशन न्यूज के लिए कुनिहार से हरजिन्दर ठाकुर की रिपोर्ट)
previous post
Nation News Desk
"Journalist with 10 years experience"
Remember, each pitch sent is an opportunity to present your brand or business to a new audience, as well as build new relationships within the media. So if you have any Pitch around you write us at : editor@nationnews.in
