इसी महीने बहाल होंगी सभी सडक़ें, एक्शन में नए मुख्य सचिव, कीरतपुर-मनाली एनएच पर दिए यह निर्देश
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने मानसून से क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत कर उन्हें इसी महीने के अंत तक बहाल करने के निर्देश जारी किए हैं। नए मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने यहां शीतकालीन मौसम की तैयारियों के दृष्टिगत आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सडक़ मरम्मत कार्यों और विभिन्न तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय अधिकारियों को कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के सभी हिस्सों में कम से कम दो लेन निरंतर खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि हाल की बरसात में राजमार्ग के उन हिस्सों, जहां भारी क्षति हुई है, में भी दो लेन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभागों को सर्दी का मौसम शुरू होने से पूर्व आवश्यक तैयारियां और इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को बर्फ हटाने और अन्य आवश्यक उपायों की पूर्व योजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि ठंड के महीनों में संपर्क सुविधा जारी रहे और लोगों को असुविधा न हो।
