मंडी में मिला पहला अवैध हुक्का बार, ढाबे में चल रहा था नशे का अवैध कारोबार, सिगार के धुंए ने खोली पोल
मंडी में पहली अवैध हुक्का बार का पता चल गया है। ढाबे की आड़ में नशे का अवैध कारोबार चल रहा था। सिगार के धुंए ने हुक्का बार की पोल खोल दी है। इस अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामारी में सांबल से विदेशी सिगार, चारकोल समेत बड़ा जखीरा सीज किया गया है। ढाबे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार से विभाग ने आठ अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट के पैकेट भी पकड़े हैं। इस हुक्का बार में बिना लाइसेंस के धुंआ उड़ रहा था। विभागीय कार्रवाई के बाद अब मामला ज्यूडिशियल कोर्ट की दहलीज तक पंहुच गया है। लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे अवैध हुक्का बार पर शिकंजा कस गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की। टीम ने बार के अंदर चल रहे अवैध हुक्का सर्व करने की गतिविधियों को रंगे हाथों पकड़ा और तत्काल स्टॉक सीज कर दिया। जांच के दौरान ढाबे से उच्च गुणवत्ता वाला हुक्का चारकोल, विदेशी सिगार, फ्लेवर पाउडर और आठ अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट बरामद हुईं, जिनकी बिक्री के लिए न तो अनुमति ली गई थी और न ही कोई रिकार्ड मौजूद था। टीम ने जब्त की गई सभी वस्तुओं को सील कर लिया।
