पंचायतों का पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन होगा, 2 हजार से अधिक पदों को भरने की मंजूरी
मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि आपदा प्रभावितों को मकान बनाने के लिए सात लाख व सामान की क्षतिपूर्ति के लिए एक लाख रुपये मिलेंगे। इस तरह पूर्ण क्षतिग्रस्त मकान व सामान के लिए अब आठ लाख मिलेंगे। इसके साथ ही बंजार में आग से 16 मकान जल गए थे। इस तरह के मामलों में भी प्रति मकान आठ लाख रुपये का विशेष राहत पैकेज देने का फैसला लिया गया। मंत्रिमंडल ने 12 दिसंबर से पंचायतों के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन का भी फैसला लिया है। मनरेगा के तहत आपदा में 150 दिन किए गए हैं। प्रति जाॅब कार्ड 2 लाख रुपये घर के पास क्षतिग्रस्त डंगे, रिटेनिंग वॉल लगाने के लिए देने का प्रावधान किया गया है। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी मंत्री जगत सिंह नेगी व अनिरुद्ध सिंह ने दी। बैठक में 64 विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हुई।
